{"vars":{"id": "107609:4644"}}

मौसम अपडेट: राजस्थान में तेजी से बदल रहा मौसम, 14-15 मार्च को 4 संभागों में बरसेंगे बादल

Rajasthan Weather Update: मौसम विभाग के मुताबिक 13 मार्च को राजस्थान के 2 संभाग और 14-15 मार्च को 4 संभाग में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 16 मार्च से मौसम फिर शुष्क रहेगा।

 

Agro Haryana News, Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम तेजी के साथ करवट ले रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव का दौर भी शुरू हो चुका है। मौसम विभाग से हासिल जानकारी के अनुसार, राज्य के 4 संभागों में होली के मौके पर बारिश के आसार नजर आ रहे है।

मौसम विभाग के मुताबिक 13 मार्च को प्रदेश के 2 संभाग और 14-15 मार्च को 4 संभाग में हल्की बारिश की संभावना है। 13 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के 2 संभाग बीकानेर व जोधपुर में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार है। साथ ही, 14-15 मार्च को 4 संभाग बीकानेर, जोधपुर, जयपुर व भरतपुर में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 16 मार्च से मौसम फिर शुष्क हो जाएगा।

आज और कल चलेगी गरम हवाए

मौसम विभाग की ओर से 11 मार्च और 12 मार्च की तारीख को हीटवेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि आज बाड़मेर जिले और उसके आस-पास के इलाके में हीटवेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 12 मार्च बाड़मेर जिले के साथ जालोर जिले के कुछ हिस्से में हीटवेव की आशंका जताई है।

बाड़मेर सबसे गर्म जिला

मौसम विभाग के आंकड़ों की माने तो बीते 24 घंटे में राजस्थान में मौसम प्रमुख रूप से शुष्क रहेगा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 41.0 डिग्री (सामान्य से 07.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा) दर्ज किया गया है।

प्रदेश के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया| प्रदेश में न्यूनतम तापमान पाली में 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

इस बार जल्दी शुरू हुई हीट वेव

मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार, राजस्थान में अधिकतर हीटवेव मार्च के तीसरे या अंतिम सप्ताह से शुरू होता है वहीं इस बार हीटवेव मार्च के दूसरे सप्ताह से ही शुरू हो गई।