राजस्थान को अगले 4 महीने बाद मिलेगा यमुना नदी का 1917 क्यूसेक पानी, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार
Rajasthan News: राजस्थान में अगले 4 महीने बाद यमुना नदी का 1917 क्यूसेक पानी सप्लाई किए जाने की योजना है। ताजा अपडेट के अनुसार, इस नहर प्रोजेक्ट को लेकर हरियाणा की सरकार ने टास्क फोर्स का गठन किया है जो इस प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार करेगी।

Agro Haryana, Rajasthan News: राजस्थान वालों के लिए बड़ी गुड न्यूज़ सामने आई है। राजस्थान व हरियाणा के बीच बनने वाले यमुना नहर प्रोजेक्ट की डीटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने के लिए टास्क फोर्स का गठन हरियाणा की सरकार की ओर से कर दिया है। यह टीम 4 महीने बाद तक इस रिपोर्ट को हरियाणा की सरकार को सौंपेगी।
यह जानकारी राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उस वक्त दी जब वे विधानसभा में संशोधित बजट घोषणाओं को लेकर भाषण दे रहे थे। उन्होने इस प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शेखावाटी को यमुना का पानी देने के लिए हरियाणा सरकार ने 5 मार्च को टास्क फोर्स का गठन कर लिया है। अगले चार महीने में प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार होने के बाद उस पर काम शुरू हो जाएगा।
1 साल से अटक रखा था प्रोजेक्ट
यमुना वाटर प्रोजेक्ट टास्क फोर्स का गठन न होने से पिछले 12 महीने से अटका हुआ था। दरअसल, वर्ष 2024 की 17 फरवरी की तारीख को देश की राजधानी नई दिल्ली में तत्कालीन केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर व प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीच समझौता हुआ था।
इस समझौते के तहत आने वाले चार महीने में प्रोजेक्ट की नई डीपीआर तैयार किया जाना तय हुआ था। इस समझौते के बाद राजस्थान सरकार ने 14 मार्च को डीपीआर तैयार कर हरियाणा सरकार को भेज दी।
हालांकि लोकसभा और बाद में हरियाणा प्रदेश के विधानसभा चुनाव के माहौल में हरियाणा सरकार ने उसके लिए टास्क फोर्स का गठन नहीं किया। मुख्यमंत्री के अनुसार हरियाणा सरकार ने अब टास्क फोर्स गठित कर यमुना के पानी की कवायद आगे बढ़ा दी है।
2 राज्यों के 6 जिलों को मिलेगा पानी
यमुना नहर प्रोजेक्ट के अंतर्गत हरियाणा व राजस्थान के छह जिलों को यमुना के बाढ़ का पानी मिलेगा। हरियाणा के भिवानी, चरखी-दादरी व हिसार से होते हुए ये पानी शेखावाटी के तीनों जिलों को मिलेगा। पानी भूमिगत पाइप लाइनों से पहुंचाया जाएगा।
3 जिलों को 123 दिन मिलेगा पानी
यमुना वाटर प्रोजेक्ट समझौते के अंतर्गत शेखावाटी के सीकर, चूरू व झुंझुनूं जिले को यमुना नदी की बाढ़ का 1917 क्यूसेक पानी मिलेगा। ये पानी बरसात के जुलाई से अक्टूबर महीनों में 123 दिन दिया जाएगा। इस पानी का भंडारण कर उसे अंचल में सालभर वितरित किया जाएगा।